महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से कहा कि उसे कोरोना हो गया है। इसके बाद वह 24 जुलाई को नवी मुंबई के वाशी से लापता हो गया। पुलिस के मुताबिक, वह अपनी प्रेमिका के साथ मध्य प्रदेश के इंदौर में रह रहा था। नवी मुंबई की पुलिस ने एक विवाहित युवक मनीष मिश्रा को इंदौर से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, वह नवी मुंबई के तलोजा में रहता है। मनीष 24 जुलाई को काम पर जाने के लिए घर से निकला था। उसी रात करीब 10:30 बजे उसने पत्नी को फोन कर बताया कि उसे कोरोना हो गया है। मनीष ने कहा कि कोरोना की वजह से अब उसके बचने की उम्मीद नहीं है। इतना कहकर मनीष ने मोबाइल बंद कर दिया था। इसके बाद उसकी बाइक वाशी के सेक्टर-17 में खाड़ी पुल के पास मिली थी। साथ में वॉलेट और बैग भी मिला था। इससे आशंका जताई जा रही थी कि उसने आत्महत्या की है।
परिजनों ने 25 जुलाई 2020 को मुंबई के वाशी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई। जब पुलिस ने उसके मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस किया तो वह इंदौर के भंवरकुआं इलाके में होने की खबर मिली। यहां उसकी प्रेमिका का घर है। मुंबई पुलिस यहां पहुंची और मनीष को हिरासत में ले लिया।